संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। गोरखपुर जनपद के खजनी क्षेत्र के भीटी खिरिया गांव निवासी एक महिला की तहरीर पर महुली क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी दो सगे भाइयों समेत चार लोगों के खिलाफ साजिश, हत्या और साक्ष्य मिटाने का केस महुली पुलिस ने दर्ज किया है।
भीटी खिरिया गांव निवासी माया पांडेय पत्नी मार्कण्डेय पांडेय ने महुली थाने में दिए तहरीर में लिखा है कि सात मार्च को उनकी बहन शांति देवी पत्नी रमेश राय बस्ती न्यायालय में मुकदमे की पैरवी करने गई थीं। विपक्षी पौहारी शरण राय पुत्र परमात्मा राय, विकास व विनय पुत्र गण सुभाष चंद्र, जय प्रकाश राय पुत्र दयानंद राय निवासी डुमरिया थाना महुली साजिश कर उनकी बहन की हत्या कर दिए। हत्या को दुर्घटना दिखाकर सहजनवां क्षेत्र में बहन शांति देवी का शव फेंक दिए थे।
पुलिस के मुताबिक शांति देवी की बहन माया पांडेय की तहरीर पर डुमरिया गांव निवासी पौहारी शरण राय, विकास, विनय व जय प्रकाश राय के खिलाफ साजिश, हत्या व साक्ष्य मिटाने का केस दर्ज किया गया है।