- बड़गो में दो करोड़ की लागत से बनेगा नया कार्यालय
-लोगों को एक जगह मिल जाएंगे जरूरत के सामान, पालिका की बढ़ेगी आय
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद कार्यालय अब नए जगह शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए बड़गों में दो करोड़ की लागत से नया कार्यालय बनेगा, जबकि पुराने नगर पालिका कार्यालय काे तोड़कर मल्टीप्लेक्स भवन बनाया जाएगा। जिससे की शहर में एक ही जगह सभी प्रकार सामान मिल सकेंगे। इससे लोगों को आसानी भी होगी व पालिका की आय बढ़ेगी।
नगर पालिका परिषद का कार्यालय वर्तमान में आजाद चौक के पास स्थापित है। कार्यालय भवन छोटा है। जिसके कारण अधिकारियों व कर्मचारियों के बैठने के लिए जगह कम पड़ रही है। यहीं नहीं यहां आने वाले लोगों को भी इसके कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस समस्या को देखते हुए पालिका प्रशासन ने नगर पालिका कार्यालय को दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने की तैयारी में हैं। इसके लिए बड़गो में स्थान चिह्नित किया गया है। जहां पर करीब दो करोड़ की लागत से नया कार्यालय भवन बनवाया जाएगा। इसके बनने के बाद पालिका कार्यालय नए भवन में शिफ्ट हो जाएगा। दूसरी तरफ पुराने नगर पालिका कार्यालय की जगह वहां मल्टीप्लेक्स बनवाया जाएगा। जहां पर लोगों के रोजमर्रा की जरूरतों के सामान एक ही छत के नीचे मिल सकेंगे। इससे लोगों को सहूलियत मिलेगी।
वैसे भी नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के सीमा विस्तार के बाद पालिका की आबादी करीब एक लाख से ऊपर पहुंच गई है। साथ ही फिर पालिका परिषद के सीमा विस्तार का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिससे शहर का दायरा बढ़ने के साथ ही आबादी भी करीब एक लाख 25 हजार के ऊपर पहुंच जाएगी। ऐसे में पुराना कार्यालय है वहां से व्यवस्था का संचालन ठीक ढंग से हो पाना संभव नहीं है। ऐसे में पालिका प्रशासन बड़गो के पास नए कार्यालय भवन बनाने की तैयारी में जुट गई है।
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद का दायरा लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में पुराने कार्यालय में काम करना मुश्किल हो रहा है। इसको ध्यान में रखकर बड़गो में नया कार्यालय भवन बनेगा। जिस पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च होंगे। पुराने कार्यालय के स्थान पर मल्टीप्लेक्स बनाया जाएगा। अभी आदर्श आचार संहिता लागू है। इसके हटने पर काम शुरू करा दिया जाएगा।
- जगत जायसवाल, चेयरमैन, नगर पालिका परिषद