- सांथा विकास खंड के बनखोरिया गांव के लोगों में आक्रोश
- ग्रामीणों ने बीडीओ को दिया ज्ञापन, आंदोलन की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण सांथा विकास खंड के बनखोरिया गांव में सड़कों पर इस भीषण गर्मी में भी नालियों का गंदा पानी जमा हुआ है। ग्रामीणों ने इस संबंध में बीडीओ को ज्ञापन दिया है और एक सप्ताह में व्यवस्था को लेकर कारवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्रामीण अभिषेक उपाध्याय समेत अन्य का कहना है कि गांव में समुचित विकास कार्य न होने से अभी भी रास्ते कच्चे पड़े हुए हैं। नाली की व्यवस्था न होने के कारण चौधरी बस्ती में रास्ते पर जलभराव होने से स्थिति ज्यादा खराब हो गई है। इस कच्ची सड़क पर गन्दा पानी आ जाने से आवागमन मुश्किल हो गया है। बीडीओ को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इस बाबत कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन उनकी ओर से कोई पहल नहीं की गई। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत अधिकारी से जांच कराकर जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने विधायक को भी ज्ञापन दिया है।