- तीनों लोगों स्थिति गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग भौंरा गांव के पास एक बड़ा हादसा हो गया। सड़क के गड्ढे में एक ही बाइक पर सवार तीन युवक गिर गए। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए एंबुलेंस के द्वारा मेंहदावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। तीन युवकों की स्थिति गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
गोरखपुर के कैंपियरगंज खरखरिया निवासी अर्जुन, शंभू, अटल मंगलवार की दोपहर एक ही बाइक पर सवार होकर मेंहदावल के लिए निकले थे। अभी वह भौंरा गांव के पास ही पहुंचे थे कि तेज रफ्तार बाइक सड़क में बने बड़े गड्ढे में गिर गई, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़फने लगे। आसपास के लोगों ने तीनों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भेजा। तीनों युवकों की स्थिति गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार करने के बाद तीनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। तीनों युवकों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। तीनों युवक रिश्तेदारी में जाने के लिए घर से निकले थे।
प्रभारी निरीक्षक रामकृपाल सिंह ने कहा कि घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची थी। इससे पहले तीनों युवकों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस जांच कर रही है।