संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि सचल दस्ता धान की फसल कटाई शुरू होने के साथ ही नियमित रूप से निगरानी करेंगे।
कहीं भी कोई कंबाइन मशीन बिना एसएमएस के संचालित नहीं की जाएगी। इसमें कृषि एवं संबंधित विभाग के सभी अधिकारियों द्वारा खरीफ फसल की कटाई एवं रबी फसल की बुआई से संबंधित अपनी तैयारियों की चर्चा की गई।
उप निदेशक कृषि डाॅ राकेश सिह द्वारा बताया गया कि कृषि यंत्रीकरण योजना अंतर्गत यूपी एग्रीकल्चर पोर्टल पर कृषि यंत्रों की ऑनलाइन बुकिंग जारी है जो 23 अक्तूबर तक की जाएगी। किसान अपनी आवश्यकतानुसार टोकन धनराशि जमा कर यंत्रों की बुकिंग कर लें।
उन्होंने बताया कि सोलर फोटोवोल्टिक इरिगेशन पंप की भी बुकिंग पोर्टल पर जारी है। पराली प्रबंधन के लिए जनपद एवं तहसील स्तरीय निगरानी कमेटी का गठन कर लिया गया है।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि सचल दस्ते धान की फसल कटाई प्रारंभ होने के साथ ही नियमित रूप से निगरानी करेंगे, कहीं भी कोई कंबाइन मशीन बिना एसएमएस के संचालित नहीं की जाएगी। उद्यान विभाग द्वारा रबी सीजन में प्याज, लहसुन एवं सब्जियां के गुणवत्तायुक्त बीजों की उपलब्धता समय से कराए जाने आश्वासन दिया गया। मखाना की खेती के भी लक्ष्य जनपद में मिले हैं।