सीडीओ के निरीक्षण में अनुपस्थित मिले सफाईकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
हैंसर(संतकबीरनगर)। सीडीओ हाकिम सिंह ने बृहस्पतिवार की सुबह विकास खंड हैंसर बाजार के सेमरडाड़ी, सिरसी, पतजू और भरवलपर्वता गांव का निरीक्षण किया। सिरसी में सफाईकर्मी और स्वच्छता ग्राही अनुपस्थित पाए गए। सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए एडीओ पंचायत को निर्देश दिए। सीडीओ सबसे पहले सेमरडाड़ी गांव पहुंचे। उन्होंने सचिव राजेश कुमार से शौचालय निर्माण की जानकारी ली। शौचालयों प्रयोग के बारे में गांव वालों से पूछताछ की। बाद सिरसी गांव पहुंचे, सफाई कर्मी और स्वच्छता ग्राही के बावत जब पूछा तो पता चला कि वह नहीं है। भरवलपर्वता गांव में शौचालय निर्माण की गति धीमी देख उन्होंने तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बीडीओ को निर्देशित किया कि गांव में सचिव, सफाई कर्मी और स्वच्छताग्राही रहकर शौचालय का निर्माण करा रहे हैं या नहीं, जिन गांवों में शौचालय बन चुके हैं, उन गांवों के लाभार्थी शत-प्रतिशत प्रयोग कर रहे हैं कि नहीं, इस पर नजर रखें। ब्लॉक पर सीडीओ ने ग्राम पंचायत अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।