धनघटा। महुली क्षेत्र के नाथनगर ब्लॉक परिसर में महिला से मंगलसूत्र छीनकर भागते दौरान पकड़े गए दोनों बदमाशों को बृहस्पतिवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जिन्हें जेल भेज दिया गया
महुली क्षेत्र के कठैचा गांव निवासी रमेश कुमार, नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र के अलीनगर गांव में सफाई कर्मचारी के रूप में तैनात हैं। बुधवार को वह अपनी पत्नी नर्मदा का अल्ट्रासाउंड कराने खलीलाबाद गए थे। वहां से लौटकर नाथनगर ब्लॉक गेट के पास अपनी पत्नी को छोड़कर कहीं चले गए। उसी दौरान नर्वदा देवी परिसर में स्थित एक एएनएम के आवास पर अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट दिखाने गई।
उसी बीच बाइक सवार दो युवक पहुंचे और नर्वदा देवी के गले से सोने का मंगलसूत्र छीनकर भागने लगे। शोर मचाने पर लोगों ने बाइक सवार युवकों का पीछा करके कठैचा गांव के पास पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों को लेकर थाने चली गई थी। एसओ संतोष मिश्र ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए युवकों की पहचान शिवम श्रीवास्तव उर्फ प्रिंस श्रीवास्तव निवासी बंधवा थाना बखिरा और अभिषेक श्रीवास्तव निवासी उतरावल कोतवाली के रूप में हुई। तलाशी में उनके पास से लूटा गया मंगल सूत्र बरामद हुआ। पकड़े गए दोनों आरोपियों पर लूट का केस दर्ज करते हुए कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों को अभिरक्षा में लेते हुए जेल भेज दिया।