धनघटा मेे हुए लूट की जांच करते एएसपी और सीओ।
-धनघटा क्षेत्र में फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट से हुई लूट
- बाइक के सहारे बदमाशों की आसान हुई पहचान
संवाद न्यूज़ एजेंसी
संतकबीरनगर। धनघटा क्षेत्र में फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट से हुई लूट की वारदात में मौके पर छूटी बदमाशों की बाइक की पहचान पुलिस ने कर ली है। बाइक महुली क्षेत्र के रहने वाले एक युवक की बताई जा रही है। जिसे बदमाश उधार मांगकर ले गए थे। बाइक के सहारे बदमाशों की पहचान करना पुलिस के लिए आसान हो गई है।
गोरखपुर जिले के पीपीगंज क्षेत्र के कडसहरी गांव निवासी 40 वर्षीय गिरिजेश धनघटा के सुरैना चौराहा पर स्थित एक प्राइवेट बैंक में कलेक्शन एजेंट के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार को दोपहर गिरिजेश कटार मिश्र की तरफ से बाइक के जरिए प्रजापतिपुर की तरफ जा रहे थे। माधवपुर के पास दो बाइक सवार चार बदमाशों ने उनसे 1 लाख 5 हजार रुपये रखा झोला लूट लिया।
पीड़ित की गुहार पर बागीचे के पास भैंस चरा रहे कुछ चरवाहे पीछा किए तो भागने के दौरान बदमाशों की एक बाइक मौके पर छूट गई। बदमाश एक ही बाइक से प्रजापतिपुर की तरफ भाग गए। पीड़ित ने जरिए मोबाइल तत्काल पुलिस को सूचना दी। लेकिन घटनास्थल पर पहुंचने में पुलिस को एक घंटे लग गए। इतनी देर में बदमाश कहां भाग निकले। अब उनकी तलाश पुलिस कर रही है। बदमाशों के जरिए छोड़ी गई बाइक रजिस्टर्ड है।
पुलिस से जुडे सूत्र बताते है कि जिसके नाम से बाइक रजिस्टर्ड है। उसे पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने में जुटी है। वहीं लोग कह रहे है कि प्रजापतिपुर जैसे संवेदनशील चौराहे पर अगर पुलिस मौजूद होती तो शायद बदमाश भागने में सफल नहीं हो पाते। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो मिनट का अंतराल था नहीं तो बदमाशों को चरवाहे पकड़ने में कामयाब हो गए होते।
सीओ बृजेश सिंह ने बताया कि बाइक का पता चल गया है। बाइक महुली क्षेत्र के एक युवक की है। जांच में पता चला है कि बदमाश उधार बाइक मांग कर ले थे और लूट की वारदात किए। पुलिस जल्द ही बदमाशों को पकड़ लेगी।