संतकबीरनगर को सेफ सिटी बनाए जाने के तहत शहर को बदलने की तैयारी चल रही है। इसके तहत मेंहदावल बाईपास पर सुंदरीकरण के कार्य कराए जाएंगे। यहां चौराहे का विस्तारीकरण होगा, वहीं यात्रियों की सुविधा के लिए भी कदम उठाए जा रहे है। इसके अलावा पिंक बूथ और शौचालय का भी निर्माण होगा, ताकि लोगों को सहूलियत मिल सके।
प्रशासन ने शहर में जाम की समस्या और सुरक्षा के दृष्टिकोण से कार्य योजना तैयार की है। इसके तहत मेंहदावल बाईपास चौराहे का सुंदरीकरण कराया जाएगा। सड़क व चौराहे के विस्तारीकरण की तैयारी चल रही है। मेंहदावल बाईपास से कलक्ट्रेट जाने वाले सड़क के दोनों तरफ दो फिट की दीवार खड़ी की जा रही है, ताकि वाहन सरपट दौड़ सके। इसके बाद सड़क के किनारे फुटपाथ बनाने की योजना है।
मेंहदावल बाईपास पर यात्रियों के बैठने के लिए नए बेंच लगाए जाएंगे। साथ ही प्रमुख चौराहों व मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लग रहे हैं, ताकि सुरक्षा की चिंता दूर की जा सके। ओवरब्रिज की रंगाई-पुताई का कार्य भी तेजी से चल रहा है। यहां पर कबीर के दोहे और उनके संदेश उकेरे जाएंगे। इससे शहर में आने वालों को कबीर की धरती और उनके जीवन को जानने का एहसास होगा।
प्रशासन की योजना है कि शहर में सेफ सिटी के तहत यातायात व्यवस्था भी दुरूस्त हो। इसके लिए प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे। इसमें आजाद चौक, मुखलिसपुर तिराहा, बैंक चौराहा, शुगर मिल चौराहा, बाईपास चौराहा आदि स्थान चिह्नित किए गए हैं। बड़े वाहनों का शहर में प्रवेश न हो, इसके लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। दूसरी तरफ नगर पालिका प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। मुखलिसपुर तिराहे पर ठेला लगाने वालों के लिए ओवरब्रिज के नीचे स्टैंड बनाए जाने की तैयारी है, ताकि जाम की समस्या से निजात मिल सके।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि सेफ सिटी के तहत मेंहदावल बाईपास के सुंदरीकरण और चौड़ीकरण के कार्य जल्द ही शुरू कराए जाएंगे। साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे। सुरक्षा के लिए भी इंतजाम किए जा रहे हैं। बाईपास होकर दूसरे जिलों में जाने वाले राहगीरों के लिए इससे काफी सहूलियत मिलेगी। शहर में सेफ सिटी क तहत कई विकास कामों को करवाए जाने की तैयारी चल रही है।