मेंहदावल। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में ठंड के मौसम में भी बिजली की कटौती बनी हुई है। उपभोक्ताओं को शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सिर्फ आठ से 10 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। जिससे बिजली उपकरण नहीं चलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण वेद पांडेय, संजय पांडेय, जय प्रकाश आदि का कहना है कि गर्मी में बिजली वैसे ही बेहाल करती है। ठंड में ओवरलोडिंग कम होने के बाद भी बिजली की कटौती समझ से परे है। लोगों का कहना है कि बिजली निगम के कर्मचारी बिजली आपूर्ति को लेकर गंभीर नहीं है। मेंहदावल तहसील मुख्यालय है। यहां पर 22 घंटे बिजली आपूर्ति का निर्देश है। उसके बावजूद 14 से 16 घंटे आपूर्ति ही उपभोक्ताओं को मिल पा रही है। शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता बिजली कटौती के कारण परेशान है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी समस्या है। यहां पर 18 घंटे बिजली आपूर्ति का निर्देश है। उसके बावजूद ग्रामीणों को आठ से 10 घंटे बिजली ही मिल पा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में हालत ज्यादा खराब है।
अक्सर फाल्ट व अन्य तकनीकी समस्या के कारण बिजली गुल होने के बाद लोगों को घंटे इंतजार करना पड़ रहा है। बिजली कटौती की समस्या से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। अधिशासी अभियंता मेंहदावल पीके गुप्ता ने कहा कि बिजली आपूर्ति शेड्यूल के अनुसार की जा रही है। तकनीकी समस्या आने पर ही बिजली आपूर्ति बाधित की जाती है। लोगों को बेहतर बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई जा रही है।