प्रशासनिक अधिकारियों के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार वर्मा ने नौ दिसम्बर को लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां जानीं। इसके लिए उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बुधवार को बैठक की।
उन्होंने आह्वान किया कि वे अपने-अपने विभाग एवं कार्यालय में लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन करें। इसमें ज्यादा से ज्यादा वादों एवं मामलों का निस्तारण करवाने का प्रयास करें।
कलक्ट्रेट से प्रभारी अधिकारी रमेश चंद्र ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित समस्त तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। ज्यादा से ज्यादा वादों एवं मामलों का निस्तारण के लिए प्रयास किया जा रहा है। पुलिस विभाग की तरफ से सीओ मेंहदावल अम्बरीश भदौरिया ने बताया कि न्यायालय से प्राप्त हो रहे नोटिसों को पक्षकारों को तमिला करवाया जा रहा है समस्त थानों के पैरोकारों को ज्यादा से ज्यादा नोटिस तामिला करवाने के लिए निर्देशित किया गया है।
जनपद न्यायाधीश ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन और इसके लाभ से आम जनमानस को जागरूक किया जाए। साथ ही इसका प्रचार-प्रसार भी कराया जाए।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला जज महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिला जज प्रथम रमेश दूबे, नोडल अधिकारी लोक अदालत जैनुद्दीन अंसारी, तहसीलदार सदर जनार्दन, तहसीलदार मेहदावल आनंद कुमार ओझा, तहसीलदार धनघटा योगेंद्र कुमार पांडेय, एआरटीओ प्रियम्बदा, जिला आबकारी अधिकारी आरपी तिवारी आदि उपस्थित रहे।