- सड़क, होटल और दुकानें भी खुलेंगे, मिलेंगे रोजगार के अवसर
- 20 किसानों ने जमीन के लिए दी सहमति, क्षेत्र में विकास की राह होगी आसान
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में पिछले एक साल से मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन की खोज हो रही थी। प्रशासन ने मदराडीह और बनकटिया गांव के पास जमीन काे चिह्नित कर लिया है। करीब साढ़े 12 एकड़ जमीन इन दोनों गांवों के 20 किसानों ने देने पर सहमति जताई है। यहां मेडिकल कॉलेज बनने से क्षेत्र में विकास की राह आसान होगी। सड़क, होटल, दुकान आदि भी आसपास खुलेंगे। क्षेत्र के लाेगों को रोजगार भी मिलेगा।
नवंबर 2021 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिद्धार्थनगर के एक कार्यक्रम में प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जाने की घोषणा की थी। तभी से जिले में जमीन की खोज हो रही थी। मेडिकल कॉलेज के लिए 12 एकड़ जमीन की जरूरत थी। प्रशासन ने पहले जिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज में परिवर्तित करने की रणनीति बनाई, पर जमीन कम पड़ गई।
इसके बाद दो अन्य जगहों पर जमीन देखा वह भी कम थी। इसके बाद मगहर के सूती मिल की जमीन को देखा उस पर बात नहीं बनी। इधर जमीन की तलाश में भूमि अध्याप्ति विभाग जुटा हुआ था। अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि मदराडीह और बनकटिया के बीच में जमीन देखी गई है। 20 किसानों ने इस पर सहमति जताई है। इसकी रिपोर्ट कैली मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को भेजी गई है।
0000000000000
पिछड़ा है क्षेत्र, होगा विकास
संतकबीरनगर। मदराडीह और बनकटिया के पास अगर मेडिकल कॉलेज खुलता है तो वहां विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। यह क्षेत्र काफी पिछड़ा है। मेडिकल कॉलेज खुलने से सड़क, होटल, दुकान आदि खुलने लगेंगे। जिससे इस क्षेत्र के लोगों को रोजगार मिलेगा। जमीन आदि भी कीमतों में भी इजाफा होगा।
000000000000000
इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा बाहर
संतकबीरनगर। खलीलाबाद क्षेत्र के मदराडीह और बनकटिया के पास मेडिकल कॉलेज खुलने से लोगों को अब इलाज के लिए गोरखपुर और लखनऊ नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें इलाज की सारी सुविधाएं जिले में ही मिल जाएंगी। इससे जिले के लोगों को लाभ होगा। उनका समय के साथ ही पैसे की बचत भी होगी।