विवाहिता के पिता ने गला घोंट कर हत्या किए जाने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बेलहर।
क्षेत्र के अमराकोईल गांव में बुधवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। विवाहिता के पिता ने ससुरालियों पर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है। उनकी तहरीर पर पुलिस ने विवाहिता के पति, ससुर, सास और ननद पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया है।
डुमरियागंज के चकमझारी निवासी कुतबुल्लाह की पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, उन्होंने अपनी 22 वर्षीय बेटी समीना खातून की शादी हसमुद्दीन पुत्र गयासुद्दीन निवासी अमराकोईल जोराउंहा थाना बेलहर के साथ 29 मई 2023 को की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए बेटी को परेशान करने लगे थे। इसी बीच बुधवार सुबह करीब चार बजे ससुराल वालों ने फोन कर बताया कि समीना की तबीयत खराब है। खबर सुनकर वह बेटी की ससुराल पहुंचे तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। कुतबुल्हाह की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुतबुल्हाह ने आरोप लगाया कि समीना के पति हसमुद्दीन, ससुर गयासुद्दीन, सास सबरुन्निशा, ननद शहजादी ने मिलकर गला घोंट कर हत्या की है। बेलहर एसओ सरोज शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर समीना के पति, ससुर, सास और ननद पर केस दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।