संतकबीरनगर। बेलहरकला थाना क्षेत्र के अमरा कोईल गांव में रास्ते पर बिछाई गई पानी की पाइप पर बाइक चढ़ने के विवाद में हुई मारपीट मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित रामकृपाल निवासी ग्राम अमरा कोईल, थाना बेलहरकला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 जून की रात करीब आठ बजे वह बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में गांव के सीताराम द्वारा पानी की पाइप बिछाई गई थी, जिस पर उनकी बाइक चढ़ गई। इससे नाराज सीताराम ने घर जाकर जानकारी दी, जिसके बाद सीताराम, अखिलेश, सत्यम, कुसुम और पूनम लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और मारपीट की। शोर सुनकर बचाने पहुंची उनकी पत्नी पूनम, बहन ऊषा और पुत्र कुनाल के साथ भी मारपीट की गई। एसओ हरिकेश भारती ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मातिबर सिंह यादव को सौंपी गई है। संवाद