शासन को भेजा प्रस्ताव, प्रदेश के 17 जिलों में से संतकबीरनगर का भी चयन
शहर के उस्का में 10 एकड़ में बनेगा विद्यालय
स्मार्ट क्लास व खेलकूद के संसाधन होंगे मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनाने की स्वीकृति मिल गई है। इसके लिए शासन ने जमीन मांगी थी। जिसे प्रशासन ने उपलब्ध करा दिया। खलीलाबाद शहर के उस्का में जमीन का चिह्नांकन हुआ है। डीएम ने इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। उम्मीद है कि इसी माह शासन से स्वीकृति मिल जाएगी।
प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के लिए प्रदेश से 17 जिलों का चयन किया है। इसमें संतकबीरनगर जिला भी शामिल है। इसके लिए जमीन मांगी गई थी। विद्यालय खोलने के लिए कुल 10 एकड़ जमीन की आवश्यकता थी। प्रशासन को शहर के उस्का के पास जमीन मिली। वन देवी मंदिर से सटे जमीन का चिह्नांकन डीएम ने कराया। इस पर विद्यालय खोले जाने का प्रस्ताव डीएम ने शासन को भेज दिया। यह विद्यालय कक्षा एक से 12वीं तक संचालित होगा। साथ ही यह पूरी तरह से आवासीय होगा। इस विद्यालय में स्मार्ट क्लास के साथ ही खेलकूद के सभी प्रकार के संसाधन मौजूद रहेंगे। यह पूरी तरह से अटल आवासीय विद्यालय की तरह होंगे।
इन जिलों में खुलेगा विद्यालय
रामपुर, हाथरस, भदोही, बंदायू, बहराइच, मैनपुरी, खीरी, एटा, फतेहपुर, संतकबीरनगर, ललितपुर, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, सोनभद्र, महोबा, जालौन, कासगंज
विद्यालय में यह होगी सुविधा
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय में स्मार्ट क्लास के साथ-साथ रोबोटिक्स व मशीन लर्निंग सेंटर, मॉड्यूलर लैब आदि की सुविधा होगी। विद्यालय परिसर में प्रधानाचार्य, शिक्षक संवर्ग व कर्मचारियों के लिए आवासीय भवन भी बनाए जाएंगे। खेल का विशाल मैदान होगा और ओपन जिम के साथ-साथ मल्टीपल एक्टिविटी हाल, सोलर पैनल, वर्षा जल संचयन इकाई की स्थापना, वाटर प्लांट, मिड-डे-मील, किचन, डायनिंग हाॅल, वाशिंग एरिया, हैंडवाशिंग यूनिट और सीसीटीवी कैमरे से ऑनलाइन निगरानी की व्यवस्था भी की जाएगी।