अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा से पहले बाजारों में दिखी रौनक
रामनामी पटका, दीये और झंडे की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से पहले बाजारों पर भगवा रंग चढ़ गया है। रामनामी पटका, दीये और झंडों की खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ पड़ी है। इससे संतकबीर की नगरी भगवामय हो गई है। एक अनुमान के मुताबिक, करीब पांच करोड़ के कारोबार की उम्मीद है।
खलीलाबाद सहित प्रमुख बाजार सूरत, मथुरा, लखनऊ और स्थानीय स्तर पर बने ध्वज से पट गए हैं। शहर के गोलाबाजार, बरददिया, बैंक चौराहा, आजाद चौक, मुखलिसपुर तिराहा, मेंदहावल बाईपास सहित अन्य स्थानों पर रामनामी पटका, मिट्टी के दीये और झंडों की दुकानें बड़े पैमाने पर सजी हैं। यहां बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करते दिखे।
इसके साथ ही कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखने के लिए जगह-जगह एलईडी लगाई जा रही है। शहर से लेकर गांवों के मंदिरों में भंडारे के आयोजन की तैयारी है। भंडारे के लिए हलवाई नहीं मिल पा रहे हैं।
व्यापारी संगठनों की तरफ से भगवा ध्वज, दीपक सहित अन्य सामग्री बांटी जा रही है। 22 जनवरी को घरों, मंदिरों व सार्वजनिक स्थलों पर रामोत्सव मनाने की तैयारी है। इसके तहत दीपक जलाए जाएंगे।
गोलाबाजार में झंडा खरीदने आए नरेंद्र प्रताप ने बताया कि पांच झंडे खरीदे हैं। इसे घर व दुकान में लगाएंगे। मुखलिसपुर तिराहे के पास रहने वाले दिलीप कुमार ने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा ऐतिहासिक पल है। पांच सौ वर्ष के बाद रामलला टाट-पट्टी से मंदिर में विराजमान होंगे।
बरदहिया बाजार के व्यापारी मुरलीधर जायसवाल ने कहा कि रामनामी पटका और झंडों की मांग काफी ज्यादा है। ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में भी भगवा ध्वज, दीये और झंडे की खरीदारी के लिए भीड़ दिखी।
कम पड़ गए मिट्टी के दीये
श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर मिट्टी के दीये की मांग काफी अधिक रही है। दीपावली पर्व में सर्वाधिक दीये बिकते रहे हैं। लेकिन, इस बार उससे भी ज्यादा दीये की मांग है। इसके कारण मिट्टी के दीये कम पड़ गए हैं। लोग अब भी दीये के लिए आ रहे हैं। पर दीये दे पाने की स्थिति नहीं रह गई है।
-संतराम, दीया व्यापारी
रामनामी पटका और झंडे की सबसे ज्यादा डिमांड
अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर लोगों की भीड़ रामनामी पटका और झंडा खरीदने के लिए आ रही है। इससे झंडा और पटका कम पड़ जा रहा है। अब तक तीन बार बाहर से पटका और झंडा मंगा चुके हैं। लेकिन, लोगों की मांग पूरी नहीं कर पा रहे हैं।
-सवी, झंडा कारोबारी
फूलों के बाजार में रौनक
शहर में फूलों की मांग अचानक बढ़ गई है। रामोत्सव के लिए लोग फूलों का ऑर्डर दे रहे हैं। क्षमता से अधिक फूल मंगाने के बाद भी फूलों की कमी हो जा रही है।
-बालकेश, फूल कारोबारी
पूजन-अर्चन सामग्री की बिक्री बढ़ी
अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर बाजार में पूजन-अर्चन सामग्री की बिक्री बढ़ गई है। मंदिरों मेें 22 जनवरी को कार्यक्रम होने हैं। ऐसे में हर कोई तैयारी में जुटा हुआ है।
-महेश गुप्ता, किराना व्यापारी