डीएम ने अधिशासी अधिकारियों के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिसमें शहर एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में साफ-सफाई, नालियों की सफाई, कूड़े का प्रबंधन और कूड़ा डंपिंग किए जाने के लिए जगह चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने नगर पालिका व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों से एक-एक कर उनके क्षेत्रों में साफ-सफाई, जल निकासी, नालियों की सफाई, वेस्ट मैनेजमेंट सहित चल रहे निर्माण कार्य आदि के बारे में जानकारी ली।
डीएम ने निर्देशित किया कि शहर, नगर एवं सड़कों से एकत्रित किए जा रहे कूड़े को आबादी से हट कर निस्तारित करने की समुचित व्यवस्था बनायी जाए। सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि फ्रेस वेस्ट के डिस्पोजल के लिए प्रोसेसिंग साइट की अवस्थापना हेतु भूमि चिन्हांकन के पश्चात बाउंड्रीवाल, गार्ड रूम एवं फर्श आदि की कार्यवाही पूर्ण कर ली जाए। कूड़ा डंपिंग के स्थान तक एप्रोच मार्ग सही करा दिया जाए। बाउंड्रीवाल के किनारों पर पौध अवश्य लगाए जाएं। नगर पालिका व नगर पंचायत क्षेत्रों में कहीं पर भी जलभराव नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट वेन्डर्स निर्माण कार्य अतिशीघ्र पूर्ण कराया जाए, जिससे शहर में यातायात सुगम हो। मेंहदावल बाईपास से मोती चौराहा तक डिवाइडर पर पेटिंग कार्य पूर्ण करा लिया जाए।
नगरीय निकायों में तीन पालियों में करायी जा रही साफ-सफाई की व्यवस्था का फोटोग्राफ भी उपलब्ध कराया जाए। उपवन योजना के लिए जमीन का चिन्हांकन कर पौधे लगाए जाएं। डीएम ने अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां-जहां निर्माण कार्य चल रहा है उसका स्वयं निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण व समय से निर्माण कार्य पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि समस्त नगर पालिका व नगर पंचायतों में कूड़ा घर अवश्य होना चाहिए। इधर-उधर कूड़ा बिखरा नहीं होना चाहिए।
इस दौरान एडीएम जय प्रकाश, एसडीएम सदर शैलेश दूबे, अपर एसडीएम अरूण वर्मा, एसडीएम संजीव राय, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज आदि उपस्थित रहे।