- महुली के हरिहरपुर कस्बे का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली क्षेत्र के हरिहरपुर कस्बे में सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे बकाया मजदूरी मांगना श्रमिक को महंगा पड़ गया। नाराज मनबढ़ युवक ने मजदूर के पेट में चाकू घोंप दिया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने मजदूर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस पीड़ित के मां की तहरीर पर युवक के खिलाफ धारदार हथियार से हमला करने व धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है। युवक की तलाश शुरू कर दी है।
हरिहरपुर निवासी पिंकू पुत्र स्वर्गीय रामवृक्ष कस्बे के ही सुखई के साथ शादी-विवाह सहित अन्य कार्यों में कार्य करता था। पिंकू के परिजनों के मुताबिक सोमवार रात को पिंकू ने साथी सुखई से पुराने बकाए रुपये की मांग की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी बात से नाराज होकर सुखई ने आपा खो दिया। पिंकू के ऊपर ताबड़तोड़ चाकूबाजी करने लगा। पिंकू के हाथ व सीने के नीचे पेट में दो जगह वार किया। पिंकू जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। हमलावर युवक भाग गया। आनन-फानन में लोग उठाकर पास के अस्पताल लेकर गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने जिला मुख्यालय रेफर कर दिया है। इस मामले में रिंकू की मां मालती देवी की तहरीर पर पुलिस ने सुखई पुत्र मदन के खिलाफ केस दर्ज किया है