पेड़ से टकराई मैजिक, चार लोग घायल
महुली थाना क्षेत्र के चंद्रौटी गांव के पास हुआ हादसा
धनघटा(संतकबीरनगर)। महुली क्षेत्र के चंद्रौटी गांव के पास बुधवार सुबह करीब 11 बजे एक मैजिक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। उसमें सवार छह लोगों में से चार लोग घायल हो गए। घायलों को नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।
कोतवाली खलीलाबाद से एक मैजिक सवारी बैठाकर खलीलाबाद से धनघटा जा रही थी। चंद्रौटी गांव के पास मैजिक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में कोतवाली खलीलाबाद के भाटपार चुरेम गांव निवासी कमालुद्दीन पुत्र असगर अली, धनघटा थाना क्षेत्र के घोरांग गांव निवासी जगदीश पुत्र तीरथ, गाई बसंतपुर गांव निवासी राम संवारे पुत्र पुल्लूर, दुधारा थाना क्षेत्र के दशानन गांव निवासी दर्शना देवी पत्नी हरीनाथ घायल हुई हैं। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक विवेकानंद तिवारी ने बताया कि मैजिक का स्टेरिंग फेल हो गया था।