संतकबीरनगर। जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद के परिसर में चुनावी सभा को संबोधित करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जहां भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं विपक्षी पार्टियों पर जमकर जुबानी हमले बोले। वहीं संत कबीर दास के विचारों का जिक्र करके उन्होंने यहां से खुद का जुड़ाव होने का संकेत दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ करने की चाहत हो तो नरक भी स्वर्ग बन जाता है। संत कबीर इसके उदाहरण हैं। कबीर के मगहर आने से पहले इस भूमि को ऊसर या नरक भूमि के रूप में जाना जाता था। कबीर ने इस धारणा को ही बदल दिया। उन्होंने मगहर की धरती को स्वर्ग बना दिया।
मुख्यमंत्री बुधवार को जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद परिसर में निकाय चुनाव में भाजपा के चेयरमैन और सभासद पद के प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने जिले की विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार बनने के बाद मगहर विश्व पटल पर अपनी चमक बिखरे रहा है। मगहर में कबीर एकेडमी की स्थापना हुई तो शोध कार्य शुरू हुए। केंद्र और प्रदेश सरकार के प्रोत्साहन से मगहर सवर गया। स्वर्ग यहां पर्यटक बढ़े हैं तो लोगों की आय में भी इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि छह साल पहले आमी काफी प्रदूषित थी। आस-पास के लोग अपने पशुओं को वहां ले जाने से कतराते थे।
पानी इतना जहरीला था कि पालतू पशुओं की मौत हो जाती थी, लेकिन दृढ़ इच्छा शक्ति की देन है कि आमी नदी का जल अब स्वच्छ, निर्मल, अविरल हो गया है। कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार बना दीजीए, शहरी विकास खुद हो जाएगा। पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे पूर्वांचल का विकास तेजी से होगा। इसका लाभ इस जिले को भी मिलेगा, क्योंकि यह जिले से होकर गुजरेगा और उद्योग का गलियारा बनेगा।
सपा के शासन में निषाद समाज पर काफी जुल्म हुआ था : संजय निषाद
प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद ने कहा कि सपा सरकार में कसरवल कांड हुआ। इसमें निषाद समाज के लोगों पर जुल्म हुए, लेकिन भाजपा ने काफी सम्मान दिया। निषाद समाज के लोगों की सुनी जा रही है। सरकार कसरवल कांड के दौरान कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने जा रही है। सांसद प्रवीण निषाद ने कहा कि रेलवे से लेकर हाईवे तक विकास के कार्य हो रहे हैं। खलीलाबाद के मुखलिसपुर रोड रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास बनाने का रास्ता साफ हुआ है। सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार जन कल्याण के लिए कार्य कर रही है। निकाय चुनाव में सफलता देकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाएं, ताकि विकास की गति और तेज हो सके। विधायक गणेश चंद चौहान ने कहा कि नगरीय विकास के लिए ट्रिपल इंजन की सरकार जरूरी है। इससे नगरीय विकास को गति मिलेगी। विधायक अनिल त्रिपाठी ने भी भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की।
ये भी रहे मौजूद
जनसभा में प्रभारीमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिलाध्यक्ष जगदंबा श्रीवास्तव, श्याम सुंदर वर्मा, संगीता वर्मा, रिंकू मणि, पूर्व सांसद इंद्रजीत मिश्रा, पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल, अत्रिमुनि राय, रवींद्र प्रताप उर्फ पप्पू शाही, संजीव राय, देवेंद्र मिश्रा, अमित श्रीवास्तव, सुनीता अग्रहरि, बनर्जी अग्रहरि आदि उपस्थित रहे।