- सदर विधायक ने नगर पंचायत के सभासदों के साथ बैठक की
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। नगर पंचायत को कबीर के अनुरूप विकसित करने के लिए संकल्पित हैं। गंगा जमुनी तहजीब को समेटे कस्बा मगहर को सुन्दर, सुसज्जित और विकसित कर माॅडल कस्बा बनाने का प्रयास करेंगे।उक्त बातें सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने नगर पंचायत कमेटी के चेयरमैन और सभासदों के साथ नगर पंचायत सभागार में सोमवार को बैठक के दौरान कही।
कहा कि जिला मुख्यालय के करीब होने के साथ ही महान समाज सुधारक सूफी संत कबीर की तपोभूमि मगहर है। इसका चतुर्दिक विकास एक बृहद योजना बना कर किया जाना चाहिए। कस्बे की जल निकासी समस्या को दूर करने के लिए एक बड़े नाले के निर्माण की शीघ्र स्वीकृति प्रदान हो जाएगी। उन्होंने चेयरमैन को आश्वस्त करते हुए कहा कि विद्युत सबस्टेशन के लिए भूमि उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर से प्रयास कर रहे हैं। जिसके बनने में अभी समय लगेगा।
विद्युत विभाग के उपखण्ड अधिकारी मनोज कुमार और अवर अभियंता बेचन प्रसाद से कहा कि कस्बे की विकट विद्युत समस्या को समाप्त कर सरकार के मंशानुरूप बिजली की आपूर्ति किया जाए। सभासद रईश आलम ने विधायक को एक पत्र दिया। जिसमें लिखा है कि इस्लामनगर जाने के लिए एक मात्र रेलवे पुलिया है। जो बरसात के मौसम में जलमग्न हो जाता है और आने जाने में कठिनाई होती है। साथ ही मगहर स्टेशन पर मेल एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की।
सभासद एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश सिंह ने विधायक को सभासदों की समस्या से सम्बंधित पत्र दिया। इस दौरान चेयरमैन अनवरी बेगम, अमीरुद्दीन कादरी, मोहम्मद असअद, सुहेल अख्तर, मेंहदी हसन पप्पू, भोलू पासवान, अतुल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।