मगहर। अमृत भारत स्टेशन योजना में मगहर रेलवे स्टेशन का चयन हुआ है। इसके तहत रेलवे स्टेशन का कायाकल्प होगा। स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इस पर करीब छह करोड़ रुपये खर्च होंगे। ऐसे में मगहर रेलवे स्टेशन पर उतरते ही यात्री कबीर की झलक से रूबरू होंगे। जल्द ही इस योजना पर काम शुरू हो जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ के जनसंपर्क अधिकारी आलोक गुप्ता के मुताबिक पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के लखनऊ-गोरखपुर प्रखंड पर स्थित मगहर स्टेशन को अमृत भारत योजना के तहत चयन किया गया है। इसके अंतर्गत लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से मगहर रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इसके साथ ही पुरानी व्यवस्था को भी अपग्रेड किया जाएगा।
इसके लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा चुका है। योजना के तहत मगहर रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के सरकुलेटिंग एरिया के विकास तथा स्थानीय कला एवं संस्कृति को शामिल करते हुए स्टेशन का सौंदर्यीकरण होगा। प्लेटफार्म सरफेस का अपग्रेडेशन, स्टेशन परिसर में उन्नत लाइटिंग, कोच गाइडेंस सिस्टम, ट्रेन डिस्पले बोर्ड, डिजिटल घड़ियां, यात्री उद्घोषणा प्रणाली, सोलर प्लांट, वाटर कूलर, एयर कंडीशनर तथा विभिन्न यात्री सुविधाओं से संबंधित ग्लोसाइन बोर्ड, एलईडी, स्टेशन के नाम की पट्टिका तथा स्टेशन पर स्थित यात्री प्रतीक्षालय व शौचालयों का आधुनिकीकरण आदि कार्य कराए जाएंगे।
इन कार्यों को कराने के लिए निविदाएं खोली जा चुकी हैं। लखनऊ-गोरखपुर रेलखंड पर स्थित मगहर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के आवागमन के लिए दो जोड़ी मेल/ एक्सप्रेस ट्रेन तथा तीन जोड़ी सवारी गाड़ियों की सुविधा प्राप्त है। मगहर स्टेशन यात्री सुविधा ग्रेड एनएसजी-6, ब्राड गेज लाइन का स्टेशन हैं। मगहर स्टेशन से लगभग 500 मीटर दूरी पर सद्गुरु कबीर की निर्वाण स्थली है। जहां कबीर की समाधि व मजार दोनों स्थित हैं। यह स्थान आपसी सौहार्द व गंगा जमुनी तहजीब के लिए विश्व प्रसिद्ध है। मगहर देश भर में ही नहीं विदेशों में फैले कबीर पंथियों की आस्था का मुख्य केंद्र है। पूरे भारत वर्ष के अलावा विश्व के कोने-कोने से कबीर पंथ के अनुयायी कबीर दर्शन के लिए कबीर चौरा परिसर आते रहते हैं।
00000000000000000000000000000
मगहर रेलवे स्टेशन के सुंदरीकरण के लिए मिले छह करोड़, लोग खुश
मगहर। रेल मंत्रालय द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मगहर रेलवे स्टेशन के विकास व सुंदरीकरण के लिए छह करोड़ रुपये आवंटित हुआ हैं। इससे नगर वासियों में खुशी की लहर है। साथ ही उम्मीद जताई है कि मगहर रेलवे स्टेशन पर कुशीनगर एक्सप्रेस ट्रेन, इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन, 5007 एक्सप्रेस आदि ट्रेनों का ठहराव भी होगा। विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव व स्टेशन के अपग्रेड होने पर खुशी जताने वालों में नगर चेयरमैन नूरुज्जमा अंसारी, महंत विचारदास, पूर्व चेयरमैन संगीता वर्मा, सेवानिवृत्त शिक्षक रामशंकर यादव, सभासद मेंहदी हसन, सभासद अवधेश सिंह, भोलू पासवान, मोहम्मद असअद, गुलाम हुसेन, राहुल कन्नौजिया, मुन्ना खान, सभासद अतुल श्रीवास्तव, त्रिलोकीनाथ वर्मा, अफरोज आलम खान, सभासद चंदन सैनी, अलकेश गुप्ता आदि ने खुशी का इजहार किया है।