संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। एक तरफ जहां विद्युत निगम बिजली आपूर्ति में सुधार का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ लो- वोल्टेज व फाल्ट की वजह से उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थिति यह है कि शहर में 24 घंटे के बजाय महज 14 से 15 घंटे बिजली मिल पा रही है।
बिजली संकट से जूझ रहे उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए निगम ने औद्योगिक क्षेत्र लाइन के पुराने जंपर व लाइनों को दुरुस्त कराया है। साथ ही सेंट थामस स्कूल व बंजरिया में अतिरिक्त ट्रांसफाॅर्मर भी लगवाया गया। इसके बाद भी बिजली उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल सकी है। बार-बार बिजली ट्रिप कर रही है। साथ ही सरौली, बड़गो, पटखौली आदि क्षेत्रों में लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इससे पंखे और कूलर अनुपयोगी साबित हो रहे हैं। यही नहीं अक्सर फाल्ट की समस्या से बिजली आपूर्ति बाधित हो जा रही है। उपभोक्ता शैलेंद्र कुमार, राहुल, राजकुमार आदि ने कहा कि बिजली का संकट बना हुआ है। लो-वोल्टेज के कारण समस्या झेलनी पड़ रही है। इस पर ध्यान दिए जाने की जरूरत है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता रणधीर कुमार ने कहा कि आपूर्ति में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही इसमें सुधार दिखाई देगा।