संतकबीरनगर। दीपावली के बाद जिले में जगह-जगह गोवर्धन की पूजा की गई। महिलाओं और युवतियों ने गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाया और उसे चंदन आदि से टीका लगाकर पूजा पाठ किया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, त्रेतायुग में भगवान इंद्र ने बृजवासियों से नाराज होकर मूसलाधार बारिश की थी। उस वक्त भगवान श्रीकृष्ण ने छोटी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर बृजवासियों को बचाया था। पर्वत के नीचे भगवान श्रीकृष्ण ने सभी का सुरक्षा प्रदान की थी, तभी से भगवान श्रीकृष्ण को गोवर्धन के रूप में पूजा जाता है। खलीलाबाद के किशोर धर्मशाला परिसर में महिलाओं ने एकत्र होकर गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाया औ उसे अच्छत चंदन, धूप, दीप से पूजा के बाद भोग चढ़ाया। इस अवसर पर मोनी, सोनी, रिना, अंशी, महक, अर्पिता, नैना, माधुरी आदि लड़किया व महिलाए मौजूद रही। इसके साथ ही भैया दूज पर बहनों ने भाईयाें को तिलक लगाया। इसके साथ ही फरा आदि का सेवन किया। बखिरा प्रतिनिधि के अनुसार बुधवार को नगर पंचायत बखिरा में बहनों ने भाइयो की लंबी उम्र के लिए भाई दूज पर्व पर विधि विधान से गोवर्धन का पूजन अर्चन किया व अन्नकूट पर्व पर भाइयों को चना खिलाया। भाइयों ने बहनों के घर जाकर भोजन ग्रहण किया।
कस्बे के मंगल बाजार, नई बाजार, शनिचरा बाजार, झीनापुर में गोवर्धन व यम के प्रतीकात्मक चित्र को बनाया गया था। महिलाओं ने गोवर्धन पूजा किया व भाइयो की लंबी उम्र के लिए यम की पूजा किया। बहनों ने भाइयो को चना खिलाया। रोली, चंदन, अक्षत से भाइयों का तिलक करके उनके दीर्घायु होने की कामना करती हैं। इस अवसर पर भाई अपनी बहनों को वस्त्र, आभूषण एवं दक्षिणा देते हैं। यह पर्व भाई-बहन के आपसी प्रेम-भाव को बनाए रखने के लिए भी मनाया जाता है।
00
अन्नकूट व यम द्वितीया की महिमा की कथा सुनी
बखिरा। नगर पंचायत बखिरा के मंगलबाजार में महिलाओं ने कथा सुनाई। कथा के अनुसार, सूर्यदेव की पत्नी छाया की कोख से यमराज तथा यमुना का जन्म हुआ। यमुना ने भाई यमराज से स्नेहवश कहा कि वे उसके घर आकर भोजन करें, किन्तु हमेशा यमराज यमुना की बात को टाल जाते थे। कार्तिक शुक्ल द्वितीया को यमुना ने अपने द्वार पर भाई यमराज को देखकर प्रसन्न हो गई व भाई का स्वागत-सत्कार किया तथा भोजन करवाया। प्रसन्न होकर यमराज ने बहन से वर मांगने को कहा। बहन ने भाई यमराज से प्रतिवर्ष इस दिन भोजन करने का आग्रह किया व कहा कि इस दिन जो बहन अपने भाई को टीका करके भोजन खिलाए उसे आपका भय न रहे।
गोवर्धन पूजा के दौरान सेल्फी लेतीं युवतियां।