संतकबीरनगर। बखिरा क्षेत्र के छपिया दोयम के पास बाइक सवार बदमाशों ने चलती बाइक पर पीछे बैठी महिला से झपट्टा मार कर पर्स लूट ले गए। पर्स में 10,000 रुपये और सोने का झाला रखा था। पीड़ित देवर- भाभी ने काफी दूर तक बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन बदमाश सांथा की ओर भाग निकले। पुलिस ने इस मामले में लूट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बखिरा क्षेत्र के छड़ना गांव निवासी इंद्रेश चौधरी पुत्र प्रहलाद चौधरी शुक्रवार की शाम अपनी भाभी अनुराधा चौधरी पत्नी अमरनाथ चौधरी को बाइक पर बैठाकर उनके मायके सिद्धार्थनगर जिले के गोल्हौरा क्षेत्र के बरगदवा जा रहे थे। देर शाम नरायनपुर पशु बाजार से आगे छपिया दोयम के निकट पहुंचे ही थे। उसी दौरान पीछे से पहुंचे बाइक सवार युवकों ने झपट्टा मार कर अनुराधा चौधरी का पर्स छीन कर भाग गए।
पीड़ित इंद्रेश चौधरी ने बताया कि बदमाश सांथा की तरफ भागे। बदमाश दो की संख्या में थे। बदमाशों की बाइक पर नंबर प्लेट नहीं था। वह काफी दूर तक बदमाशों का पीछा किए,लेकिन बदमाश भागने में सफल रहे। पीड़ित ने बताया कि उसकी भाभी के पर्स में करीब 10,000 रुपये और कान का झाला पीली धातु का था। पीड़ित ने देर शाम बखिरा पुलिस को तहरीर दिया। एसओ श्याम मोहन ने बताया कि जांच में पता चला कि घटना स्थल मेंहदावल क्षेत्र के कहना के पास है। पीड़ित ने तहरीर दिया तो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।