बखिरा। क्षेत्र के छपिया दोयम के निकट शुक्रवार को बाइक सवार महिला से बदमाशों ने जेवर व दस हजार रुपये लूट लिए। इस वारदात के 36 घंटे बाद भी बखिरा पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। न ही किसी आरोपी को पकड़ा ही जा सका है। हालांकि बखिरा पुलिस मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने का दावा रही है। इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
छड़ना (बखिरा) निवासी इंद्रेश चौधरी शुक्रवार की शाम अपनी भाभी अनुराधा चौधरी के साथ बाइक से गोल्हौरा (सिद्धार्थनगर) जा रहे थे। छपिया दोयम गांव के निकट पहुंचने पर पीछे से आ रहे बाइक सवार युवकों ने अनुराधा चौधरी का पर्स झपट लिया और सांथा की ओर भाग गए। पीड़ित अनुराधा ने बताया कि पर्स में जेवर व दस हजार रुपये थे। क्षेत्र में हुई लूट की इस वारदात से लोगों में दहशत है।
क्षेत्र में चर्चा है कि अब अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म हो गया है। क्षेत्र के राजू, रमेश कुमार, मो. शरीफ ने कहा कि पुलिस के जरिये अभियुक्तों को शीघ्र नहीं पकड़े जाने पर इस मार्ग से होकर महिलाओं के साथ सफर करना खतरनाक होगा।
एसओ श्याम मोहन ने बताया कि अभियुक्तों को पकड़ने के लिए टीम बना दी गई है। शीघ्र ही उनको पकड़कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।