सेमरियावां क्षेत्र के पचपोखरिया गांव में मनरेगा से कराए गए कार्यों की हुई जांच
2021-22 में पोखरे के निर्माण में अनियमितता की शिकायत का लगा आरोप
ग्रामीणों से की पूछताछ, अभिलेखों की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। बृहस्पतिवार को लोकायुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर कमिश्नर बस्ती की ओर से गठित टीम ने सेमरियावां ब्लाॅक के पचपोखरिया गांव में मनरेगा से कराए गए पोखरा निर्माण की जांच की। ब्लाॅक पहुंचकर कर शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया और अभिलेखों की मांग की। इस दौरान मौके पर खंड विकास अधिकारी मौजूद नहीं रहे।
मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा के नेतृत्व में सहायक कोषाधिकारी बस्ती अखिलेश कुमार पाठक व अभियोजन अधिकारी बस्ती पंकज गौतम तीन सदस्यीय मंडल स्तरीय टीम ने गांव पहुंचकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की। साथ ही स्थलीय निरीक्षण भी किया। पचपोखरिया गांव निवासी शिकायतकर्ता जाकिर हुसैन पुत्र शाकिर अली ने लोकायुक्त कार्यालय लखनऊ में परिवाद के माध्यम से गांव में वित्तीय वर्ष 2021-22 में मनरेगा से पोखरे के निर्माण में अनियमितता की शिकायत की थी तथा सरकारी धन के बंदरबांट का आरोप लगाकर जांच की मांग की थी।
लोकायुक्त कार्यालय के निर्देश पर कमिश्नर बस्ती मंडल ने 15 जनवरी को तीन सदस्यीय मंडल स्तरीय टीम का गठन कर जांचकर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बृहस्पतिवार को टीम ब्लाॅक मुख्यालय पहुंची और खंड विकास अधिकारी कार्यालय में मनरेगा अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा योगेन्द्र पांडेय, ब्लाॅक तकनीकी सहायक उदयभान शर्मा व सचिव गुलाब चंद से जानकारी ली। इस दौरान टीम ने अभिलेखों को देखा तथा शिकायतकर्ता से भी जानकारी ली। टीम ने मौके पर स्थलीय निरीक्षण भी किया। इसके पहले भी शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी। डीएम के निर्देश पर उपजिलाधिकारी सदर ने जांच की, लेकिन किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई न होने पर शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त में परिवाद दाखिल कर दिया है।