महुली क्षेत्र के नगर पंचायत हरिहरपुर का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिहरपुर। नगर पंचायत हरिहरपुर निवासी एक युवक ने मोबाइल पर साइबर ठग के जरिए भेजे गए लिंक पर पे का बटन दबा दिया और उसके खाते से 18 हजार रुपये उड़ गए। जानकारी होने पर पीड़ित युवक ने साइबर सेल में ऑनलाइन सूचना देने के साथ ही मुकामी थाने में भी लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
साइबर ठगी का शिकार हुए हरिहरपुर के वार्ड नौ गांधीनगर निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम उसके मोबाइल पर एक फोन काल आई। फोन करने वाले ने उसके खाते में पैसे भेजने बात कही और उस पैसे को दूसरे खाते में ट्रांसफर करने को कहा। पीड़ित युवक उसकी बातों में आ गया। थोड़ी देर बाद खाते में पैसा आने का मैसेज उसके मोबाइल पर आ गया। युवक ने साइबर ठग के भेजे गए लिंक पर पे का बटन दबा दिया और उसके बैंक खाते से 18,500 रुपये निकल गए।
जब पीड़ित को पता चला कि उसके खाते में पैसा आया ही नहीं और उसके खाते से पैसा निकल गया तब साइबर ठगी का शक होने पर उसने पुलिस की साइबर सेल में आूनलाइन सूचना दर्ज कराने के साथ ही पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।