- तेज हवा और बारिश के चलते बृहस्पतिवार रात से आपूर्ति बाधित
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मसिंहवा। तेज हवा और भारी वर्षा के चलते बृहस्पतिवार रात से ही धर्मसिंहवा नगर पंचायत सहित लगभग 40 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है। बिजली न होने के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। लोग जनरेटर और इनवर्टर के सहारे आवश्यक कार्य कर रहे हैं।
बारिश के कारण बृहस्पतिवार रात से ही नगर पंचायत धर्मसिंहवा व ग्रामीण इलाकों में बिजली की आपूर्ति ठप पड़ी है। आपूर्ति सही न किए जाने के पीछे तेज हवा और बारिश होना बताया जा रहा है। बिजली कर्मियों का कहना था कि आपूर्ति शुरू होते ही मशीन ट्रिप हो जा रही थी। हाईटेंशन तार से कहीं ना कहीं हरे पेड़ों की टहनियां सट रही हैं जोकि पेट्रोलिंग करने के बाद पता चल रहा है। भारी बारिश के चलते मरम्मत नहीं किया जा सकता है।
घरों में दिन में अंधेरा...व्यवसाय प्रभावित
बिजली आपूर्ति न होने के कारण नगर पंचायत धर्मसिंहवा, राजेडीहा बाजार, गोइठहां आदि व्यावसायिक स्थानों पर रोजमर्रा का जीवन प्रभावित दिखा। दुकानों में अंधेरा छाया रहा। हरिश्चंद्र मोदनवाल, प्रमोद कुमार वर्मा, प्रदीप कुमार वर्मा, विशाल अग्रहरी, उमेश कुमार मोदनवाल सहित अन्य लोगों ने बताया कि बिजली आपूर्ति न होने के कारण व्यावसायिक कार्य प्रभावित हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली न आने के कारण लोगों को घरों में दिन में भी अंधेरा जैसा प्रतीत हो रहा था।
तेज हवा और भारी बारिश के चलते बिजली आपूर्ति में दिक्कत हो रही है। बारिश बंद होते ही कर्मियों द्वारा पेट्रोलिंग करके फाल्ट का पता लगाया जाएगा और आपूर्ति बहाल की जाएगी।
- शिवाकांत मौर्य, अवर अभियंता