- शनिवार देर रात पूरी रात ग्रामीणों ने किया रतजगा
- दिन में ग्रुप बनाकर तेंदुए की तलाश
- गांव के मुताबिक गन्ने के खेत में छिपा जानवर
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद क्षेत्र के अमावां निमावा गांव में शनिवार की देर रात गांव के बाहर लोगों ने तेंदुए जैसा जानवर देखा। उसके बाद लोग दहशत में आ गए। इसकी सूचना लोगों ने प्रशासन को दी। गांव के लोग दरवाजा बंद कर घर में कैद हो गए। सुबह ग्रामीणों ने ग्रुप बनाकर तेंदुए की तलाश की। हालांकि वन विभाग टीम भी यह पता करने में लगी है कि यह वास्तव में तेंदुआ है या अन्य कोई जानवर। हालांकि उसके बाद जानवर दिखा नहीं है। गांव के लोगों का कहना है कि वह गन्ने की फसल में छिपा है।
शनिवार की रात 10.30 बजे के करीब अमावा निमावा गांव के लोगों ने सड़क किनारे खेत में एक जानवर को बैठे देखा। इसके बाद शोर मचाया कि तेंदुआ आया है। इसकी सूचना प्रशासन को देने के साथ ही वन विभाग की टीम को दी गई। जब तक टीम पहुंचती जानवर वहां से गायब हो गया था। बताया जा रहा है कि वह गन्ने के खेत छिपा है।
तेंदुएं की सूचना पर पूरी रात ग्रामीण दहशत में रहे। सुबह गांव के लोग प्रधान के नेतृत्व में ग्रुप बनाकर तेंदुए की तलाश किए लेकिन वह नहीं मिला। प्रधान उमैर अहमद, परदेशवा के प्रधान प्रतिनिधि रमेश चौधरी, रोहित पटेल, शमसूल हुदा, विशाल, दुखहरन समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि रात में देखा गया तो तेंदुए जैसा दिख रहा है, जिससे सतर्कता बरती जा रही है। गांव और चौराहे पर पूरी तरह से एहतियात बरती जा रही है। बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है।
बोले जिम्मेदार
टीम भेजी गई थी। पता लगाया जा रहा है कि तेंदुआ है या फिशिंग कैट, जब तक वह पकड़ में नहीं आएगा तब तक कुछ कह पाना मुश्किल है। इसके लिए टीम लगी है।
- हरिकेश नारायण यादव, डीएफओ, वन विभाग
अमावा निमावा गांव में तेंदुआ जैसा जानवर दिखने की सूचना मिली थी। वन विभाग को सतर्क किया गया है, टीम को मौके पर भेजकर उसे पकड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
- शैलेश दुबे, एसडीएम सदर