आय प्रमाण पत्र आवेदन को निरस्त करने की आनलाइन आख्या
संतकबीरनगर। मेंहदावल तहसील में आय प्रमाण पत्र के आवेदक छात्र को लेखपाल ने अपनी आख्या में महिला बना दिया है। यही नहीं लिखा है कि उसका पति विदेश में रहता है। इस बात को उसने छिपाया है। रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद लेखपाल के कार्यशैली सवालों के घेरे में है। मेंहदावल तहसील के विकासखंड मेंहदावल के ग्राम बनकसिया गांव निवासी राहुल श्रीवास्तव पुत्र प्रमोद श्रीवास्तव ने 24 अगस्त को आय प्रमाण पत्र के लिए मेंहदावल तहसील में ऑनलाइन आवेदन किया था। जिसकी रिपोर्ट हल्का लेखपाल कोदई यादव को लगाकर तहसीलदार को भेजनी थी। लेखपाल कोदई यादव ने छात्र राहुल श्रीवास्तव को कागजों में पुरुष से महिला बना दिया। यही नहीं इसमें रिपोर्ट लगाई है कि आवेदिका के पति विदेश में काम करते हैं। विदेशी आय का विवरण नहीं दिया है। मजे की बात यह है कि आवेदक छात्र है। इस दशा में उसकी शादी आखिर कैसे हो गई और उसका पति विदेश में कैसे काम करने लगा।
इस मामले में जब हल्का लेखपाल कोदई यादव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह एक मानवीय त्रुटि है, इसको सुधार करा दिया जाएगा।