- किराए पर प्रचार-प्रसार के लिए बुक कर सकेंगे लोग, पालिका की आय बढ़ेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सेफ सिटी के तहत शहर को चमकाने के लिए शुरू कराए गए कार्य के बीच अब पालिका प्रशासन शहर के प्रमुख चौराहों पर एलईडी टीवी लगाने की तैयारी में हैं। इसके लिए स्थान चिह्नित कर लिया गया है। इसके माध्यम से लोग किराए पर प्रसार-प्रसार कर सकेंगे, जिससे नगर पालिका परिषद की आय में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
शहर के प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा रहे हैं। साथ ही मेंहदावल बाईपास के चौड़ीकरण व सुंदरीकरण के कार्य शुरू हुए हैं। यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने की तैयारी चल रही है। इस बीच नगर पालिका प्रशासन ने शहर के 10 चौराहों पर डिजिटल एलईडी टीवी लगाने की तैयारी की है। इसके लिए स्थान चिह्नित कर लिए गए हैं।
इसमें डीएम व एसपी के आवास के पास, नेदुला चौराहा, दुर्गा मंदिर बरदहिया, डिग्री कॉलेज, मोती चौराहा, बैंक चौराहा, मुखलिसपुर तिराहा, समय माता मंदिर, मेंहदावल बाईपास के ओवरब्रिज के नीचे, विधियानी मोड शामिल हैं। यहां पर एलईडी टीवी लगाने के बाद इसके माध्यम से प्रचार-प्रसार किए जा रहे हैं। इसके लिए लोगों को पालिका प्रशासन को शुल्क देना होगा। एलईडी टीवी लगाने का कार्य जल्द ही शुरू होने की संभावना है। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के अध्यक्ष जगत जायसवाल ने कहा कि प्रमुख चौराहों पर एलईडी टीवी लगाने की तैयारी हो रही है। इससे पालिका की आय बढ़ेगी और लोगों को प्रचार-प्रसार के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।