- दुकानें की सूची तैयार, ठेला लगाने वालों को पंजीकरण के बाद आवंटित होगा स्थान, जाम से मिलेगी राहत
- मुखलिसपुर तिराहा ओवरब्रिज के नीचे और पुरानी सब्जी मंडी वेंडर जोन चिह्नित
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर को जाम से निजात दिलाने और ठेला लगाने वालों को व्यवस्थित करने के लिए नगर पालिका और तहसील प्रशासन ने वेंडर जोन के लिए मिली जमीन की नापी कराई गई और निशान भी लगाए गए। साथ ही कितनी दुकानें लगनी हैं, इसकी सूची भी तैयार की गई। अब दुकानदारों का पंजीकरण कराकर वेंडर जोन में जगह दी जाएगी। इससे जहां ठेला वालों की परेशानी दूर होगी वहीं शहरवासियों को जाम से राहत मिलेगी।
शहर के मुखलिसपुर तिराहा के आसपास और पुरानी सब्जी मंडी में जगह-जगह ठेला लगाने वालों का जमावड़ा रहता है। इससे आए दिन शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। यातायात पुलिस इन्हें हटाने का प्रयास करती है, लेकिन फिर ठेला लग जाता है। समस्या के स्थाई निदान के लिए प्रशासन ने पहल की है।
शहर के मुखलिसपुर तिराहा ओवरब्रिज के नीचे और पुरानी सब्जी मंडी को वेंडर जोन के रूप में चिह्नित किया है। साथ ही तहसील व नगर पालिका प्रशासन ने संयुक्त रूप से चिह्नित स्थान की नापी कराई और निशान लगाया गया। अब यहां ठेला लगाने वालों के लिए स्टैंड बनाया जाएगा। ठेले वालों को स्थान पाने के लिए पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद उन्हें स्थान आवंटित किया जाएगा। जहां स्थायी रूप से दुकान लगाने का स्थान मिल जाएगा।
शहर में जाम की समस्या से मिली राहत
वेंडर जोन चिह्नित होने के बाद यहां ठेले वालों को व्यवस्थित कर दिया जाएगा, जिससे शहर में होने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। कारण यह है कि ठेला लगाने वाले सड़क के कुछ हिस्से पर अतिक्रमण कर लेते हैं। जिससे आने-जाने वाले लोगों को समस्या झेलनी पड़ती है। यातायात पुलिस को भी ठेला वालों को हटाने के लिए रोजाना मशक्कत करनी पड़ती है। वेंडर जोन में दुकानें व्यवस्थित होने से शहरवासियों को भी राहत मिलेगी।
शहर में ठेला लगाने वालों को स्थायी स्थान देने के लिए वेंडर जोन चिह्नित किया गया है। इसकी नापी कराई गई है और चिह्न भी लगा दिए गए हैं। जल्द ही यहां पर स्टैंड बनाने का कार्य शुरू होगा। इससे जहां शहरवासियों को जाम से राहत मिलेगी वहीं ठेला लगाने वालों की समस्या दूर होगी।
- जगत जायसवाल, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद खलीलाबाद