संतकबीरनगर। जिले में कोविड के लगातार संक्रमित मिल रहे हैं। अब तक 71 संक्रमित मिल चुके हैं, कोविड मरीजों के लिए एमसीएच विंग में 50 बेड का अस्पताल बनाया गया है। उसी में महिला अस्पताल भी संचालित हो रहा है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि अगर कोविड का कोई गंभीर मरीज आता है तो उसे एमसीएच विंग में भर्ती करने में परेशानी होगी, क्योंकि वहां महिला अस्पताल संचालित हो रहा है। ऐसे में कोविड के लिए अलग से बने 24 बेड के अस्पताल को सक्रिय कर वहां पर मरीज भर्ती कराया जाएगा।
जिला अस्पताल परिसर में एमसीएच विंग का निर्माण हुआ। उस दौरान कोरोना की पहली लहर में इस अस्पताल को कोविड एलटू अस्पताल बना दिया। तबसे यहां पर कोविड अस्पताल संचालित हो रहा है। इधर महिला अस्पताल को छह माह पूर्व एमसीएच विंग में स्थानांतरित कर दिया। तबसे वहां पर महिला अस्पताल चल रहा है। एमसीएच विंग में ही द्वितीय तल पर कोविड एलटू अस्पताल भी है।
इधर जिले में कोरोना के मरीज बढ़ रहे है। वर्तमान में 71 मरीज कोरोना संक्रमित मिल चुके है। ऐसे में अगर कोरोना का कोई गंभीर मरीज आता है तो उसे एमसीएच विंग में भर्ती करना किसी खतरे से खाली नहीं होगा, क्योंकि इस विंग में महिला अस्पताल संचालित होता है और वार्ड में महिलाएं भर्ती है तथा नवजात भी है। इससे इन पर भी संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
एमसीएच विंग से कोविड अस्पताल को हटाया जाएगा। उसके लिए इमरजेंसी के पास 24 बेड का अलग से कोविड अस्पताल बना हुआ है। वहीं पर इस अस्पताल को सक्रिय कर दिया जाएगा। ताकि महिला अस्पताल प्रभावित न हो।
-डॉ. महेश प्रसाद, सीएमएस, जिला अस्पताल