क्षेत्र के अशरफपुर गांव में कोटेदार द्वारा अनियमितता बरतने के आरोप की जांच शुक्रवार को सप्लाई इंसपेक्टर ने किया। जांच के दौरान गांव कार्ड धारकों ने अधिक दाम लेकर कम सामान देने का आरोप कोटेदार पर मढ़ा। इस दौरान विवाद न हो, इसके लिए पुलिस के जवान भी मौजूद रहे।
अशरफपुर के ग्राम प्रधान समेत गांव के अन्य लोगों ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर कोटेदार पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए जांच करके कार्रवाई की मांग की थी जिसके जांच के लिए सप्लाई इंसपेक्टर आलोक श्रीवास्तव पहुंचे।
प्राथमिक विद्यालय के बगल गांव के तमाम लोग पहले से ही एकत्रित होकर जांच अधिकारी के आने का इंतजार कर रहे थे। कार्ड धारक सुग्रीम, लहरी, कौलपति, सुमित्रा आदि का कहना था कि कोटेदार 19 रुपये लीटर मिट्टी का तेल और 18 रुपये किलो चीनी तो वितरण करते ही हैं।
साथ ही साथ गांव के आधे से अधिक लोगों को दो माह से खाद्यान्न नहीं दिए। खाद्यान्न मांगने पर गाली गालौज भी देते हैं। जांच अधिकारी ने कहा कि जांच कर ली गई है जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दे दी जाएगी।