एक दिवसीय कृषि निवेश मेले का आयोजन हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। हैंसर ब्लॉक परिसर में शुक्रवार को कृषि सूचना तंत्र एवं कृषि जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय कृषि निवेश मेले का आयोजन किया गया। इसमें किसानों को पशुपालन और खेती से संबंधित जानकारी देने का प्रावधान बनाया गया, लेकिन कृषि वैज्ञानिकों के न पहुंचने के कारण किसानों को खेती एवं किसी से संबंधित जानकारी नहीं मिल सकी। इसका परिणाम रहा कि केवल किसान मेला खानापूर्ति तक सीमित रह गया।
कृषि निवेश मेला में जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा ने कहा कि किसान अपने खेतों की मिट्टी को पहचानें। खेतों से पांच स्थानों पर मिट्टी इकट्ठा कर उसकी जांच करवाए। जांच के दौरान उनके खेतों में कौन सी उर्वरा शक्ति की आवश्यकता है। वही उर्वरक खेतों में प्रयोग करें। ताकि उनके खेतों की उपज अच्छी तरह से बढ़ सके। उन्होंने बताया कि राइजोबियम, एजिटोवेक्टर भूमि के पोषक तत्व हैं। इनका प्रयोग अवश्य करें।
उन्होंने कहा कि उर्वरक का प्रयोग जांच करवाने के बाद सही तरीके से करें। ताकि उसका लाभ किसानों को मिल सके। इस दौरान किसान सम्मान निधि प्राप्त करने वाले छह किसानों को प्रमाणपत्र देकर का उत्साह वर्धन किया गया। इस मौके पर लक्ष्मी दूबे, शिवाजी राय, रामधारी, ओमप्रकाश, रणविजय सिंह, बिंद्रेश, रविंद्र प्रकाश मौर्य आदि मौजूद रहे।