- खनन अधिकारी ने धनघटा क्षेत्र की कार्रवाई
- अवैध खनन करने वालों में हड़कंप
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खनन अधिकारी शुक्रवार को विनियमन शुल्क न जमा करने पर धनघटा क्षेत्र के एक ईट भट्ठे पर पहुंचे और वहां पर कच्चे ईट को तोड़वा दिया। साथ ही क्षेत्र में मिट्टी, बालू और गिट्टी लदी सात अवैध ट्राॅलियों का चालान किया। तीनों को धनघटा थाने के सुपुर्द कर दिया गया।
खनन अधिकारी नरेश महतो ने बताया कि शुक्रवार को जय हनुमान ब्रिक फील्ड संठी की जांच की गई। भट्ठे का पांच साल से विनियमन शुल्क नहीं जमा था। इसके कई बार नोटिस दिया गया, लेकिन आदेशों की अवहेलना हुई। इसके बाद भट्ठे पर पाथे गए कच्चे ईट को तोड़वा दिया गया। इसके बाद चेतावनी दी गई कि अगर यह विनियमन शुल्क जमा नहीं करते हैं तो भट्ठे के चिमनी में पानी डलवा दिया जाएगा। इस कार्रवाई से अन्य ईट भट्ठा संचालकाें में हड़कंप मच गया।
नरेश महतो ने बताया कि इसी तरह से धनघटा में तीन ट्रैक्टर-टाॅली पकड़ी गई। जो मिट्टी, बालू और गिट्टी लाद कर आ रहे थे। उनसे कागजात मांगा गया तो नहीं दिखा पाए। तीनों को धनघटा थाने के सुपुर्द कर दिया गया। उसके बाद महुली कस्बे में चार ट्रैक्टर-टाॅली पकड़े गए। ड्राइवर मौके से फरार हो गए। यह राॅयल्टी जमा नहीं किए थे। इन सभी का चालान किया गया। बताया कि लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।