संतकबीरनगर। जिले में बुधवार को कोरोना संक्रमित युवती मिली है। जिले में अब तक 82 संक्रमित मिल चुके हैं। हालांकि, इनमें से 74 लोग स्वस्थ भी हो चुके हैं। स्वास्थ्य महकमा लोगों को मास्क लगाने व सामाजिक दूरी के पालन की अपील कर रहा है। इसके बावजूद लोग अस्पताल और सड़कों पर बिना मास्क के निकल रहे हैं।
जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. मुबारक अली ने बताया कि खलीलाबाद ब्लॉक की 21 साल की युवती ने कोरोना की जांच जिला अस्पताल में कराई थी, जिसमें वह संक्रमित मिली है। इसकी सूचना आने पर उनके परिजनों का एंटीजन जांच कराई गई, पर कोई भी संक्रमित नहीं मिला। आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल लेकर लैब भेजा गया है। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में 82 लोग संक्रमित मिल चुके हैं और इनमें से 74 स्वस्थ भी हो चुके हैं।
बुधवार को 373 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। उसकी रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। लोग मास्क जरूर लगाएं और सामाजिक दूरी का पालन करें। इधर जिले में कोरोना के बढ़ते मामले के बाद भी लोग बिना मास्क के जिला अस्पताल पहुंच जा रहे हैं, लेकिन चिकित्सक उन्हें मास्क लगाने की सलाह दे रहे हैं।