संतकबीरनगर। जिले में संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की ग्रेडिंग कराई जाएगी। शैक्षणिक गतिविधियों के साथ उनमें उपलब्ध सुविधाओं का मूल्यांकन कराया जाएगा। ग्रेडिंग के बाद विद्यालयों की सूची प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इसके पीछे स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। जिले में सात कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित है। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की ग्रेडिंग के लिए सबसे पहले ऑनलाइन निगरानी कराई जाएगी। ग्रेडिंग में विद्यालयों को उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं के आंकलन के साथ-साथ शिक्षा का स्तर एवं उसकी गुणवत्ता देखी जाएगी। शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की संख्या को भी आधार बनाया जाएगा। बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि कस्तूरबा विद्यालयों की ग्रेडिंग तीन श्रेणियों में होगी। सबसे बेहतर को एक ग्रेड दिया जाएगा। इसके बाद बी और सी ग्रेड सबसे अंतिम पायदान पर होंगे। संवाद