संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के बंजरिया पूर्वी मोहल्ला में दो दिन पूर्व खाली प्लाॅट के पानी में मिले कार्तिकेय के शव का पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट पुलिस को प्राप्त हो गया है। पुलिस के अनुसार रिपोर्ट में कार्तिकेय की मौत पानी में डूबने से नहीं बल्कि चोट लगने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने घटना में जांच का पहलू बदल दिया है।
कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि बंजरिया पूर्वी मोहल्ला में मिले शव की पहचान कार्तिकेय पांडेय उर्फ अंकुर पुत्र स्वर्गीय विनय कुमार पांडे ग्राम घोरही थाना महुली अस्थाई पता ट्यूबवेल कॉलोनी खलीलाबाद के रूप में हुई थी। जांच में पाया गया था कि लड़का अत्यधिक नशा करता था, जिससे घर के लोग बहुत परेशान थे। पिछले तीन साल से उसे लगातार नशा मुक्ति केंद्र में भेज रहे थे। इस क्रम में वह दिल्ली लखनऊ व गोरखपुर नशा मुक्ति केंद्र में रह चुका है। दो माह पहले यह लखनऊ नशा मुक्ति केंद्र से आया था। शव मिलने के बाद दो चिकित्सकों के पैनल ने उसका पोस्टमाॅर्टम किया।
पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में उसकी मौत पानी में डूबने से नहीं पाया गया है। रिपोर्ट में उसकी मौत चोट लगने के वजह से होना बताया गया है। पुलिस अब चिकित्सकों के बयान लेने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके साथ ही अन्य पहलू पर भी जांच पड़ताल तेज कर दिया गया है।