जगह-जगह सजाई गईं झांकियां, दर्शन के लिए उमड़े लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। पुलिस लाइन सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम व उत्साह के साथ मनाया गया। भजन-कीर्तन के बीच आधी रात को कन्हैया के जन्म पर जयकारे से पंडाल गुंजायमान हो उठा।
खलीलाबाद के पुलिस लाइन, राधाकृष्ण मंदिर सहित लोगों ने घरों पर झांकी सजाई गई और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया। ग्रामीण क्षेत्रों में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम रही।
धनघटा संवाद के अनुसार जन्माष्टमी का पर्व तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों व कस्बे में हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। जन्माष्टमी के एक दिन पूर्व से ही लोगों ने तैयारी शुरू कर दी थी। कुछ जगहों पर राधा-कृष्ण और गोपियों के भाव भरे नृत्य का आयोजन किया गया। सैकड़ों स्थान पर लोगों ने अपने घरों में झांकियां सजाईं तो प्रमुख चौराहे और बाजार में झांकी सजाकर भजन-कीर्तन, गीत व नृत्य आदि विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए।
महुली के ब्राह्मण मुहल्ले में स्थित बउरहवआ बाबा शिव मंदिर में श्र कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया गया। यहां पर झांकियां सजाकर आधी रात को श्रीकृष्ण का जन्म शंख आदि वाद्य यंत्रों की झंकार के बीच हुआ। महुली हनुमान गढ़ी मंदिर परिसर में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया गया। यहां पर गढ़ी के महंत गौतम दास ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर आरती कर प्रसाद वितरण किया। डडवा शांति आश्रम और महुली उत्तर चौराहे पर स्थित नवनाथ मंदिर में कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। महुली में सार्थक त्रिपाठी ने कृष्ण बनकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर सुरेंद्र नाथ त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी, राहुल त्रिपाठी, सुनीता देवी, कंचन त्रिपाठी, जया त्रिपाठी, संजू देवी व शिशिर आदि मौजूद रहे।
बेलहर संवाद के अनुसार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बेलहर थाना परिसर में उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान श्रीकृष्ण की झांकियां सजी थी। सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों समेत विभिन्न स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं। जहां भजन-कीर्तन के कार्यक्रम हुए। इस दौरान एएसपी संतोष कुमार सिंह, एसओ राम वशिष्ठ, एसआई पवन शुक्ला, धर्मेंद्र कुमार मिश्रा, रामा शंकर मौजूद रहे।