- राज्यपाल ने जारी की अधिसूचना, विकास में आएगी तेजी
- सहजनवां के 228 गांवों को भी किया गया शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला प्रशासन की पहल आखिरकार रंग लाई है। प्रशासन के प्रस्ताव पर कबीरा-बखिरा विशेष विकास प्राधिकरण को राज्यपाल की मंजूरी मिल गई है। इससे विकास को गति मिलने की उम्मीद जग गई है।
जिले के औद्योगिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और पर्यावरणीय महत्व को देखते हुए डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने जिले के सर्वागीण, समग्र विकास के लिए कबीरा-बखिरा विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण का प्रस्ताव को शासन को भेजा था। इस संबंध में सचिव आवास एवं शहरी नियोजन अनुभाग-10 को मुख्य नगर व नियोजक अनिल कुमार मिश्र ने पत्र भेजा, जिसे संज्ञान में लेते हुए राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कबीरा-बखिरा विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण को मंजूरी प्रदान कर दी है।
प्राधिकरण बनने से नगरीय क्षेत्र के लिए छावनी क्षेत्र, नौ सेना, थल सेना या वायु सेना के किसी प्राधिकारी के प्रयोजनार्थ केंद्रीय सरकार के स्वामित्व में या उनके द्वारा अधिग्रहित या पट्टे पर ली गई भूमि को छोड़ते हुए नगर पालिका परिषद खलीलाबाद, नगर पंचायत मेंहदावल, नगर पंचायत मगहर व नगर पंचायत बाघनगर उर्फ बखिरा को संपूर्ण रूप से शामिल किया गया है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में तहसील मेंहदावल, खलीलाबाद और गोरखपुर की तहसील सहजनवां के 228 ग्रामों को शामिल किया गया है।
राज्यपाल ने कबीरा-बखिरा विशेष विकास प्राधिकरण की मंजूरी मिलने के बाद उम्मीद की जा रही है कि क्षेत्र का विकास तेज गति से होगा। इसका लाभ आने वाले दिनों में लोगों को मिलेगा। इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। बखिरा पक्षी बिहार, बखिरा झील, औद्योगिक क्षेत्र के विकास में तेजी आएगी। शहर का भी व्यवस्थित ढंग से विकास होगा।