कबीर-मगहर महोत्सव के दूसरे दिन गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने भी माहौल जमा दिया जिलाधिकारी संत कबीरनगर महेंद्र सिंह तंवर के आमंत्रण पर सांसद भी महोत्सव में पहुंचे थे। इसी बीच बॉलीवुड गायक असित त्रिपाठी ने मंच से ही उन्हें भी आने के लिए आमंत्रित किया।
मंच संभालते ही रवि किशन ने एक के बाद एक गानों से सबका मन मोह लिया। इसी बीच अचानक दर्शक दीर्घा से शोर हंगामा होने लगा। बस फिर क्या, सांसद ने भी अपने अंदाज को मजाकिया कर दिया। बोले, ''भईया हो..रवि किशन जब मंच पर हों तो लोग सिर्फ आनंद लेते हैं, हाथ पैर एकदम टाइट। आनंद लो हमारा। पगलाओ मत। सब कुर्सी नीचे, कोई पगलाएगा नहीं। शांत। एक ही आदमी बौराएगा और वो भी मैं'' सांसद के इस अंदाज पर सभी लोग हंसने लगे।
सभी उन्हें अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद करने लगे। उन्होंने मंच से ही जिलाधिकारी संत कबीरनगर का अभिवादन जताते हुए धन्याद दिया। बोले, मगहर की इस जमीन पर इतने भव्य और दिव्य आयोजन के लिए उनका, सांसद प्रवीण निषाद और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों का शुक्रिया। एक के बाद एक कर करीब आठ से दस गानों की प्रस्तुति रवि किशन ने भी दी।