गणित ओलंपियाड में प्रथम स्थान हासिल करने वाले मानव को सम्मानित किया-स्रोत विद्यालय
बेलहर। जिला स्तरीय गणित ओलंपियाड में बेलहर कलां क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय कैथवलिया के कक्षा-आठ के छात्र मानव ने प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छात्र की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी है। शनिवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले मानव को विद्यालय पहुंचने पर शिक्षकों ने मिठाई खिलाकर बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गणित ओलंपियाड में जिले में पहला स्थान प्राप्त करना छात्र की मेहनत, लगन और विषय के प्रति उसकी रुचि को दर्शाता है। मानव की इस सफलता से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी पढ़ाई के प्रति मेहनत करने और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। संवाद