मीडिया वर्कशाप को संबोधित करते अतिथि।
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार को खलीलाबाद के एक होटल में भारत सरकार के सूचना कार्यालय वाराणसी के तत्वाधान में पत्रकारों और सरकार के बीच संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम प्रफुल्ल त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का प्रहरी और जनता की आवाज है। ग्रामीण पत्रकारों को कई प्रेरक प्रसंग सुनाने के साथ ही कहा कि निर्भीक होकर पत्रकारिता करें। उन्होंने कहा कि समाज को पत्रकारों से काफी उम्मीदें है। योजनाओं के बारे में प्रशासन को फीडबैक भी खबरों से मिलती है। इससे योजनाओं में सकारात्मक सुधार किया जा सकता है। जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में जानकारी दी और कहा कि यह योजना कम प्रीमियम में फसल का नुकसान होने पर किसानों को अधिक लाभ देती है। लीड बैंक के प्रबंधक कृष्ण गोपाल तिवारी ने नोटबंदी को कालेधन की समानांतर अर्थव्यवस्था को ध्वस्त करने का हथियार बताया। उन्होंने किसानों को वित्तीय साक्षर बनाने पर जोर देते हुए कहा कि सरकारों की योजनाओं का समुचित लाभ तभी हासलि हो पाएगा। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष इंद्रजीत शुक्ल ने ग्रामीण पत्रकारों के समक्ष रिपोर्टिंग करते समय आने वाली समस्याओं को उठाया। जिला सूचना अधिकारी लालजी शुक्ल ने इस तरह के आयोजनों को सरकार और पत्रकारों को जोड़ने वाली इकाई बताते हुए पहल की सराहना की। पवन श्रीवास्तव ने नोटबंदी से बैंकों में हो रही समस्या उठाई। साथ ही कहा कि सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार ग्रामीण पत्रकारों के द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान संजय राय, सहायक निदेशक सूचना हरीलाल, जयकिशन परिहार, शिव कुमार झा, राजेश पांडेय, सोहेल अहमद, विजय प्रकाश गुप्ता, देवी लाल, कृष्णकांत त्रिपाठी, केेडी सिद्दीकी आदि लोग उपस्थित रहे।