सेमरियावां। संयुक्त विकास आयुक्त पदम शरण शुक्ल ने बृहस्पतिवार को सेमरियावां ब्लाॅक कार्यालय का निरीक्षण किया। अभिलेख अपूर्ण मिलने पर नाराजगी जताई। कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने मनरेगा सेल के विकास कार्यों से संबंधित सबसे बेहतर फाइल में तमाम कमियां मिलने पर एपीओ को फटकार लगाई।
संयुक्त विकास आयुक्त बस्ती मंडल पदम शरण शुक्ला ने बीडीओ कार्यालय में आवास पंजिका गार्ड फाइल, शासनादेश गार्ड फाइल, उपस्थिति पंजिका, भ्रमण पंजिका आदि का निरीक्षण किया। सभी अभिलेखों में पृष्ठांकन नहीं पाया गया। गार्ड फाइल में 2018 के बाद से कोई शासनादेश संलग्न होना नहीं पाया गया। अभिलेखों को पूर्ण, व्यवस्थित व सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान संयुक्त विकास आयुक्त ने मनरेगा सेल की विकास कार्यों से संबंधित सबसे बेहतर फाइल मांगी। एपीओ योगेंद्र पांडेय ने सबसे बेहतर फाइल लेकर पहुंचे। ब्लाॅक की सबसे बेहतर फाइल फटी मिली। फाइल में सीआईबी बोर्ड, कार्य फोटो क्रम के साथ ही बैकग्राउंड भी ठीक नहीं मिला। संयुक्त विकास आयुक्त ने एपीओ को जमकर फटकार लगाई। कहा कि सबसे बेहतर फाइल का यह हाल है, तो दूसरी फाइलों का क्या हाल होगा। कार्य में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान स्टेनो विवेक गुप्ता, बीडीओ विजय सिंह, संयुक्त बीडीओ ओपी सिंह, सहायक लेखाकर राजीव राय, ब्लाॅक टीए उदयभान शर्मा आदि मौजूद रहे।