बखिरा। बखिरा पुलिस चौकी से सौ मीटर की दूरी पर रविवार को चोरों ने एक व्यक्ति के घर के कुंडे को तोड़कर बर्तन, जेवरात और सिलिंडर समेत कई सामान चुरा लिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद चोर की खोजबीन में पुलिस के साथ स्थानीय लोग भी जुट गए। सोमवार को लोगों ने एक आरोपी को उस समय पकड़ लिया, जब वह चोरी किए गए सामान को लेकर कहीं जाने की फिराक में था। लोगों ने उसे पुलिस को सौंप दिया।
दुर्गावती देवी बरनवाल ने बताया कि वह 15 दिन पूर्व घर में ताला बंदकर अपनी बेटी के घर चली गई थीं। 23 अप्रैल की रात में उनके घर के दरवाजे पर लगे कुंडे को तोड़कर अंदर रखे बर्तन, कपड़े, जेवर और रसोई गैस के तीन सिलिंडर तथा नकदी चुरा ली गई थी। सुबह टूटा ताला देखकर मोहल्ले के लोगों ने उनको घटना की जानकारी दी। बेटी के घर से लौटने पर वह घर की हालत देखकर दंग रह गईं।
आलमारी व बक्से में रखे हुए जेवर व नकदी गायब थी। वहीं, घर में रखे बर्तन व कपड़े भी नहीं थे। उन्होंने बखिरा पुलिस चौकी में तहरीर दी। बाद में एक आरोपी पकड़ा गया। पुलिस पकड़े गए एक आरोपी से पूछताछ कर रही है। दूसरी ओर इस संबंध में एसएसआई प्रमोद यादव ने कहा कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है।