संतकबीरनगर। जिला कारागार के जेलर जीआर वर्मा को व्हाटसएप कॉल के जरिए धमकी मिली है। जेलर को कॉल करने वाले शख्स ने जेल में बंद अजय राज नामक बंदी का मित्र होना बताया। कहा कि अजय राय परेशान न किया जाए, वरना जेल के अधिकारियों और कर्मचारियों को फंसाने के लिए तैयार वीडियो को वायरल कर दिया जाएगा। इस मामले में बृहस्पतिवार देर एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धमकी देने का केस दर्ज किया।
जेलर जीआर वर्मा ने बताया कि जेल में प्रशासनिक आधार पर कुछ अति संवेदनशील बंदियों को उच्च सुरक्षा बैरक में निरुद्ध रखा गया है। उच्च सुरक्षा बैरक में निर्धारित नियमों के अंतर्गत प्रशासनिक सख्ती की जा रही है। इस वजह से बंदियों को अहाते के बाहर आने-जाने को सीमित किया गया है। उसी वजह से बंदियों के जरिए कारागार प्रशासन के खिलाफ बदले की भावना से साजिशन कोई वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी गई। आरोप है कि उन्हें दो अप्रैल को अज्ञात व्यक्ति ने काल कर कहा कि वह बंदी अजय राज का मित्र है।
अजय को परेशान न किया जाए, अन्यथा कारागार अधिकारियों एवं कर्मचारियों का वीडियो वायरल कर दिया जाएगा। जेलर ने बताया कि अजय राज नामक बंदी मथुरा जेल से स्थानांतरित होकर कुछ दिन पूर्व यहां आया है। जेलर ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। एसपी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ धमकी देने का केस दर्ज कर लिया गया है। उस नंबर को सर्विलांस पर लगाकर जानकारी जुटाई जाएगी।