संतकबीरनगर। नगर निकाय चुनाव की मतगणना के दौरान समस्त कर्मियों व एजेंट को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में जनपद के समस्त मतगणना केंद्रों पर कोविड-19 संक्रमण से बचाव के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल पर रिटर्निंग अधिकारी, मतगणना हेतु प्राधिकृत अधिकारी, कर्मचारी, मतगणना अभिकर्ता एवं अन्य अधिकृत व्यक्तियों को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। मतगणना कार्य में नियुक्त कार्मिकों एवं अभिकर्ताओं के मध्य उचित दूरी रखी जाएगी, ताकि सामाजिक दूरी का अनुपालन होगा। चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी, मतगणना एजेंटों के बैठने की व्यवस्था इस तरह से की जाए कि मतगणना की पूरी प्रक्रिया को स्पष्ट रूप से देख सके।