जिला समन्वयक बालिका शिक्षा ने बताया-नए सत्र से छात्राओं को मिलेगी पठन-पाठन की सुविधा
सेमरियावां, खलीलाबाद और नाथनगर में छात्रावास का निर्माण अंतिम दौर में
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले के तीन कस्तूरबा विद्यालयों में नए सत्र से इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई शुरू होगी। इन विद्यालयों में हॉस्टल बन कर तैयार हो गए हैं। कक्षा आठ पास कर निकलने वाली छात्राओं का नामांकन पास के इंटर कॉलेज में कराया जाएगा। ये छात्राएं छात्रावास में रहकर पढ़ाई करेंगी। इसको लेकर तैयारी शुरू हो गई है।
जिले में सात ब्लॉकों में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं जिसमें खलीलाबाद, नाथनगर, सेमरियावां, मेंहदावल, सांथा, हैंसर और बघौली ब्लॉक में विद्यालय चल रहा है। यहां पर कक्षा छह से आठ तक की पढ़ाई होती है। ये विद्यालय पूरी तरह से आवासीय हैं। यहां से कक्षा आठ पास कर निकलने वाली छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए परेशानी उठानी पड़ती थी।
सरकार ने कस्तूरबा विद्यालयों को उच्चीकृत करने का निर्णय लिया। जिसके क्रम में पहले चरण में खलीलाबाद, नाथनगर और सेमरियावां में इंटर तक की पढ़ाई के लिए छात्रावास का निर्माण शुरू हुआ जो अब पूरा होने को है।
जिला समन्वयक बालिका शिक्षा बजरंगी लाल विश्वकर्मा ने बताया कि तीन जगहों पर छात्रावास का निर्माण अंतिम चरण में है। सेमरियावां व नाथनगर में एकेडमिक भवन व छात्रावास तैयार होने जा रहा है। वहां की छात्राओं का नामांकन उसी स्कूल में आगे की कक्षाओं के लिए होगा जबकि खलीलाबाद कस्तूरबा विद्यालय छात्रावास का निर्माण प्रस्तावित था लेकिन एकेडमिक भवन नहीं बना है। लिहाजा यहां की छात्राओं का नामांकन बगल के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वहां के वार्डेन को पत्र जारी कर निर्देश दिया गया है कि कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाली छात्राओं का नामांकन निकट के इंटर कॉलेज में कराएं। छात्राएं छात्रावास में ही रहकर पठन-पाठन पूरा करेंगी। छात्रावास में शासन से निर्धारित सभी प्रकार की सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।